चंपावत , जुलाई 29 -- उत्तराखंड के चंपावत जिले की लोहाघाट नगर पालिका परिषद ने बुधवार को अभिनव पहल करते हुए नाई (बार्बर) की दुकानों से निकलने वाले ब्लेड और बालों के सुरक्षित एवं वैज्ञानिक निस्तारण को लेकर अहम बैठक की। बैठक में कचरे के उचित निस्तारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सौरभ नेगी ने बार्बर संचालकों से कहा कि प्रतिष्ठानों से निकलने वाले इस्तेमाल किए गए ब्लेड और बालों को सामान्य कचरे से अलग-अलग एकत्रित किया जाए। उन्होंने बताया कि इस विशेष कचरे के संग्रहण के लिए नगर पालिका की ओर से सप्ताह में दो दिन अलग से सफाई कर्मियों और कूड़ा वाहन की व्यवस्था की जाएगी।
नगर पालिका के अनुसार, इस व्यवस्था से सफाई कर्मचारियों को धारदार ब्लेड से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं से बचाने के साथ ही विशेष कचरे का सुरक्षित और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जा सकेगा।
नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने सभी बार्बर संचालकों से अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि व्यापारियों और नागरिकों के सामूहिक प्रयास से ही स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित लोहाघाट का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
बैठक में मौजूद बार्बर संचालकों ने नगर पालिका की पहल की सराहना करते हुए निर्धारित व्यवस्था के अनुसार पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस दौरान नगर पालिका के कार्मिक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित