पुणे , जून 25 -- महाराष्ट्र की पुणे ग्रामीण पुलिस ने गुरूवार को यहाँ बताया कि युवा व्यवसायी केतन अग्रवाल की मृत्यु कोई अचानक हुआ हादसा नहीं थी, बल्कि उनकी मंगेतर की रची एक सुनियोजित और गंभीर साजिश का परिणाम थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिया गोयल (20) का क्रिकेटर चेतन चौधरी (23) के साथ प्रेम संबंध था। दोनों की मुलाकात पुणे के मार्केट यार्ड इलाके में कुछ परिचितों के जरिए हुई थी। दोनों विवाह करना चाहते थे, लेकिन सिया के परिवार वाले हैसियत में फर्क के कारण इस संबंध के खिलाफ थे। सिया के पिता प्रवीन गोयल सूखे मेवों और मसालों के सफल कारोबारी हैं। चेतन के पिता बाबूलाल चौधरी भी एक व्यवसायी हैं और चेतन खुद रणजी ट्रॉफी क्रिकेट खेलने का प्रयास कर रहा था। सिया के परिवार ने उसे अपनी बेटी के लिए उपयुक्त वर नहीं माना।

इसके बाद, फरवरी में सिया की सगाई पच्चीस वर्षीय केतन अग्रवाल से कर दी गई, जो अमेरिका से शिक्षित थे और अपने परिवार के भवन निर्माण व्यवसाय से जुड़े थे। दोनों का विवाह नवंबर में होना तय हुआ था।

जांचकर्ताओं का मानना है कि सिया को डर था कि सगाई के बाद चेतन के साथ भागने से उसके परिवार की बदनामी होगी। पुलिस का आरोप है कि इसके बाद सिया ने केतन को हमेशा के लिए अपने रास्ते से हटाने के लिए चेतन के साथ मिलकर यह खौफनाक साजिश रची।

जांच में यह भी सामने आया है कि इससे पहले भी केतन को मारने की योजना बनाई गई थी, लेकिन वह विफल रही। इसके बाद चौदह जून को लोहागढ़ किले की यात्रा के दौरान भी ऐसा ही प्रयास करने का विचार था, लेकिन उस समय भी ऐसा नहीं हो पाया ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित