लोहरदगा , मई 25 -- झारखंड के लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेंगरा टोली में सोमवार को एक सनकी युवक ने अपने ही पिता, पत्नी और तीन वर्षीय मासूम बेटी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
इस हमले में पिता और पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मासूम बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतकों की पहचान 60 वर्षीय सुरेंद्र उरांव और 27 वर्षीय सुजाता उरांव के रूप में हुई है। वहीं तीन वर्षीय रियांशी की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी संदीप उरांव (35 वर्ष) ने घर में रखी कुल्हाड़ी से सबसे पहले अपने पिता पर हमला किया। इसके बाद उसने पत्नी और मासूम बेटी को भी निशाना बनाया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल होकर घर में ही गिर पड़े। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक पिता और पत्नी की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता ने खून से लथपथ हालत में तड़प रही बच्ची रियांशी को तुरंत अपनी गोद में उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरा पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर आरोपी संदीप उरांव को गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया कि पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा और छप्पड़ पर चढ़कर फरार होने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने खदेड़कर उसे दबोच लिया।
प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी संदीप का व्यवहार पिछले कुछ दिनों से असामान्य था। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित