रांची , मई 26 -- झारखंड के लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भैंसमुंदो गांव में मंगलवार सुबह हाथी के हमले में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई।

घटना के बाद गांव समेत आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। मृत महिला की पहचान बेदाल टांगरा टोली निवासी कृष्णा उरांव की पत्नी 22 वर्षीय प्रतिमा कुमारी के रूप में हुई है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि प्रतिमा कुमारी मंगलवार सुबह अपने खेत में गेहूं काटने गई थी। इसी दौरान जंगल की ओर से दो हाथी गांव में घुस आए। एक हाथी कुछ देर बाद वापस जंगल की ओर लौट गया, जबकि दूसरा हाथी अचानक खेत की ओर बढ़ गया। महिला कुछ समझ पाती, उससे पहले ही हाथी ने उसे पटककर बुरी तरह कुचल दिया।

घटना के समय आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने शोर मचाकर हाथी को भगाने की कोशिश की, लेकिन तब तक महिला गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी। ग्रामीण तत्काल घायल महिला को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरा ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लोहरदगा भेज दिया है। वहीं वन विभाग ने पीड़ित परिवार को सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से इलाके में हाथियों की गतिविधियां लगातार बढ़ गई हैं, जिससे लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर भगाने और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित