चंडीगढ़ , मई 02 -- केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कहा है कि यमुनानगर स्थित लोहगढ़ किला में विकसित हो रहा बाबा बंदा सिंह बहादुर स्मारक विरासत, पर्यटन और प्रेरणा का प्रमुख केंद्र बनेगा।

चंडीगढ़ में आयोजित बाबा बंदा सिंह बहादुर लोहगढ़ फाउंडेशन ट्रस्ट की उच्च स्तरीय बैठक में शनिवार को उन्होंने स्मारक के विकास कार्यों, प्रतिमा के डिज़ाइन और परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में कंवर पाल गुर्जर और संजय भाटिया भी मौजूद रहे।

श्री मनोहर लाल ने निर्देश दिये कि स्मारक का निर्माण उच्च गुणवत्ता मानकों के अनुरूप किया जाये और इसके ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व को संरक्षित रखा जाये। उन्होंने कहा कि यह स्थल न केवल पर्यटन केंद्र बने, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी हो।

उन्होंने स्मारक परिसर में रनिंग ट्रैक, योगशाला और मार्शल आर्ट स्कूल विकसित करने के निर्देश दिये। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से नियमित योग सत्र आयोजित करने पर जोर दिया, ताकि यह स्थान एक सक्रिय सामुदायिक और स्वास्थ्य केंद्र के रूप में भी विकसित हो सके।

केंद्रीय मंत्री ने बाबा बंदा सिंह बहादुर के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों, उनके अभियानों और शासन क्षेत्र का विस्तृत दस्तावेजीकरण कर आगंतुकों के लिए प्रदर्शित करने के निर्देश दिये, जिससे नयी पीढ़ी उनके योगदान को बेहतर ढंग से समझ सके।

सूचना, जनसंपर्क, भाषा, संस्कृति एवं पर्यटन विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने बताया कि स्मारक का प्रथम चरण निर्माणाधीन है और इसे अप्रैल 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित