वाराणसी , सितंबर 17 -- अघोर परंपरा के प्रमुख केंद्र बाबा कीनाराम स्थल, क्रीं-कुंड में गुरुवार को अघोराचार्य बाबा कीनाराम जी के छठी समारोह के रूप में मनाया जाने वाला 'लोलार्क छठ' श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं, साधु-संतों और अघोर साधकों की भारी भीड़ उमड़ी।

सुबह आश्रम परिसर की साफ-सफाई और दैनिक आरती के बाद श्रद्धालु बाबा कीनाराम जी, अघोरेश्वर महाप्रभु बाबा भगवान राम तथा परिसर में स्थित विभिन्न समाधियों के दर्शन के लिए कतारबद्ध हुए। सुबह करीब नौ बजे वर्तमान पीठाधीश्वर अघोराचार्य बाबा सिद्धार्थ गौतम राम के कक्ष से बाहर आते ही घंटा, डमरू और शंखनाद के साथ 'हर-हर महादेव' के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा।

पूजा-अर्चना के बाद पीठाधीश्वर औघड़ तख्त पर विराजमान हुए, जहां श्रद्धालुओं ने अनुशासनपूर्वक दर्शन-पूजन किया और प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान अघोराचार्य बाबा कीनाराम अघोर शोध एवं सेवा संस्थान की महिला मंडल की ओर से रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया।

आश्रम के बाहर लगे मेले में सैकड़ों दुकानों पर खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। प्रशासन और आश्रम प्रबंधन के समन्वय से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए, जिसके चलते आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित