वाराणसी , सितंबर 16 -- सूर्य उपासना के महापर्व सूर्य षष्ठी एवं लोलार्क कुंड स्नान पर्व को देखते हुए वाराणसी यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए दो दिवसीय यातायात योजना लागू की है। यह व्यवस्था 16 सितंबर को दोपहर 12 बजे से 17 सितंबर की मध्यरात्रि 12 बजे तक प्रभावी रहेगी।

अपर पुलिस उपायुक्त यातायात द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार अस्सी क्षेत्र में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए छह प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। बैंक ऑफ बड़ौदा तिराहा, नगवां चौराहा, पद्मश्री चौराहा, शिवाला मोड़, ब्रॉडवे होटल तिराहा और सोनारपुरा तिराहा से अस्सी की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

यातायात पुलिस ने बैंक ऑफ बड़ौदा तिराहा से अस्सी चौराहा, नगवां चौराहा से रविदास घाट, पद्मश्री चौराहा से अस्सी, शिवाला तिराहा से अस्सी, ब्रॉडवे तिराहा से सोनारपुरा तथा सोनारपुरा तिराहा से अस्सी चौराहा तक छह मार्गों को नो-व्हीकल जोन घोषित किया है। श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए मैदागिन, बेनिया, लक्सा, भेलूपुर और बीएचयू क्षेत्र में विभिन्न पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई है।

एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, शव वाहन तथा बीमार और दिव्यांग व्यक्तियों के वाहनों को प्रतिबंध से छूट रहेगी। यातायात कंट्रोल रूम का हेल्पलाइन नंबर 7839856994 और हेल्पलाइन नंबर 7317202020 है। मान्यता है कि भाद्रपद शुक्ल षष्ठी के दिन यहां सूर्य देव के रथ का पहिया गिरा था, जिसके कारण इसका नाम लोलार्क पड़ा। संतान प्राप्ति की कामना से दंपति यहां स्नान करते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित