मुरैना , अक्टूबर 22 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर बुधवार देर शाम वाहन चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार लोडिंग वाहन की टक्कर से पुलिस आरक्षक ओमप्रकाश तिवारी की मौत हो गई। हादसे के बाद भागने का प्रयास कर रहे वाहन चालक को पुलिस ने करीब 12 किलोमीटर पीछा कर वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरक्षक तिवारी सिविल लाइन थाने में पदस्थ थे। बुधवार देर शाम पुलिस टीम आरोपियों के घर दबिश देकर लौटने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान आरक्षक ने एक बाइक सवार को रुकने का इशारा किया, तभी सब्जियों से भरे तेज रफ्तार लोडिंग वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस टीम आरक्षक को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान यादव के अनुसार, हादसे के बाद पुलिस ने वाहन चालक का पीछा कर उसे पकड़ लिया। दुर्घटना में शामिल वाहन का पंजीयन क्रमांक यूपी 80 एचपी 5447 बताया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरक्षक की मौत से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित