प्रयागराज , जुलाई 13 -- लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसद एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अरुण भारती ने प्रयागराज दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में दलितों को निशाना बनाया जा रहा है और उनकी जमीनों पर कब्जे की कोशिशें हो रही हैं। श्री भारती ने गंगानगर जोन के हंडिया थाना क्षेत्र के बनपुरवा सरायपीठा गांव में दलित युवक सुनील पासी की संदिग्ध मौत के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि इस प्रकरण में हंडिया से सपा विधायक हाकिम लाल बिंद समेत पांच लोगों को नामजद किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मृतक की हाईवे किनारे स्थित करोड़ों रुपये की जमीन पर सपा नेताओं की नजर थी और इसी भूमि विवाद में परिवार के दो सदस्यों की अब तक मौत हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव स्वयं को जमीनी नेता बताते हैं, लेकिन दलितों की जमीन हड़पने और उन्हें प्रताड़ित करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में दलितों की जान और संपत्ति सुरक्षित नहीं है तथा सपा के पीडीए में न तो पिछड़ों और न ही दलितों के हित सुरक्षित हैं।
श्री भारती ने कहा कि बिहार में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने दलितों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष किया है और उत्तर प्रदेश में भी दलितों के अधिकारों की रक्षा का अभियान जारी रहेगा।
योग गुरु बाबा रामदेव की ओर से दिल्ली में मुसलमानों को लेकर दिए गए बयान पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि बाबा रामदेव एक आध्यात्मिक गुरु हैं और जो भी बातें कहते हैं, उन्हें तथ्यों के आधार पर रखते हैं। हालांकि उन्होंने कहा कि अनेक विषय आस्था और मान्यता से जुड़े होते हैं तथा सभी की आस्थाओं और भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा प्रदत्त संविधान और कानून के अनुसार ही व्यवस्था चलनी चाहिए।
सावन माह में प्रस्तावित कांवड़ यात्रा के दौरान नेम प्लेट विवाद पर श्री भारती ने कहा कि कानून के मुताबिक प्रत्येक दुकानदार को अपने प्रतिष्ठान का नाम और जीएसटी से संबंधित निर्धारित मानकों का पालन करना चाहिए। यदि किसी को इस व्यवस्था पर आपत्ति है तो उसके लिए न्यायालय के दरवाजे खुले हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित