पटना , फरवरी 16 -- लोकजनशक्ति पार्टी (लोजपा) के संस्थापक स्व. रामविलास पासवान के अपमान के मुद्दे पर हंगामे के बाद सोमवार को बिहार विधानसभा भोजनावकाश तक स्थगित कर दी गई।

बिहार विधानसभा पूर्वाह्न की कार्यवाही शुरू होते ही आज लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सदन में नेता राजू तिवारी ने राष्ट्रीय जनता दल(राजद) के नेताओं पर लोजपा के संस्थापक श्री पासवान के अपमान का आरोप लगाते हुए माफी की मांग की।

विधायक श्री तिवारी ने अध्यक्ष प्रेम कुमार का ध्यान आकर्षित करते हुए आरोप लगाया कि राजद नेता लगातार रामविलास पासवान के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग कर रहे हैं। उन्होंने राजद नेताओं को दलित विरोधी बताते हुए विपक्ष से श्री पासवान के अपमान के लिए माफी की मांग की।

श्री तिवारी ने कहा कि स्वर्गीय रामविलास पासवान का 50 वर्षों का स्वच्छ राजनीतिक जीवन रहा और उन्हें छह प्रधानमंत्रियों के साथ कार्य करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की भावनाएं अपने संस्थापक नेता से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार की भाषा का प्रयोग किया गया वह पूरी तरह आपत्तिजनक है और यह राजद नेताओं की राजनीतिक संस्कृति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि पार्टी के दिवंगत नेता रामविलास पासवान के खिलाफ इस्तेमाल किए गए शब्द अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित