जयपुर , फरवरी 22 -- राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने राज्य की समृद्ध लोक संस्कृति को जीवंत बनाए रखना राज्य सरकार की प्राथमिकता बताते हुए घोषणा की है कि भविष्य में 'लोक कला संगम' जैसे आयोजनों को संभाग और जिला स्तर पर विस्तारित किया जाएगा ताकि नई पीढ़ी अपनी जड़ों से जुड़ी रहे।
श्रीमती दीया कुमारी रविवार को यहां जवाहर कला केंद्र (जे केके) के शिल्प ग्राम में आयोजित तीन दिवसीय महोत्सव "राजस्थान लोकरंग रो उजास" के समापन समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रही थीं। समारोह में राजस्थान की विविध लोक परंपराओं, लोक संगीत, लोक नृत्य एवं पारंपरिक कला रूपों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। रंग-बिरंगी वेशभूषा, सुर और ताल से सजी प्रस्तुतियों ने प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत की जीवंत छटा प्रस्तुत की।
उपमुख्मंत्री ने कहा कि लोक कलाकारों की प्रतिभा, साधना और संस्कृति के प्रति उनका समर्पण अत्यंत प्रेरणादायी है। ऐसे आयोजन हमारी परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के साथ-साथ नई पीढ़ी तक सांस्कृतिक मूल्यों के संप्रेषण का सशक्त माध्यम बनते हैं। उन्होंने प्रदेश की लोक कलाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर और अधिक पहचान दिलाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित