पटना , अक्टूबर 16 -- राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दल लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 15 उम्मीदवारों की सूची बुधवार को जारी कर दी है।
लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल खालिक ने सूची जारी करते हुये बताया कि सुगौली से राजेश कुमार उर्फ बब्लू गुप्ता, बेलसंड से अमीत कुमार, मढ़ौरा से सीमा सिंह, शेरघाटी से उदय कुमार सिंह, बोधगया (सुरक्षित) से श्यामदेव पासवान, रजौली (सुरक्षित) से विमल राजवंशी, गोविंदपुर से श्रीमती विनीता मेहता, बोचहा (सुरक्षित) से श्रीमती बेबी कुमारी, बख्तियारपुर से अरूण कुमार, फतुहा से श्रीमती रूपा कुमारी, बहादुरगंज से मोहम्मद कलीमउद्दीन, महुआ से संजय कुमार सिंह,चेनारी (सुरक्षित) से मुरारी प्रसाद गौतम ,मनेर से जीतेन्द्र यादव और कसबा से नितेश कुमार सिंह को उम्मीदवार बनाया गया है।
उल्लेखनीय है कि 12 अक्टूबर को बिहार विधानसभा चुनाव में राजग में सीटों के बंटवारे पर समझौता हुआ था। सीट बंटवारे के तहत भाजपा 101, जनता दल यूनाईटेड (जदयू) 101, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) 29, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) छह-छह सीटों पर चुनाव लड़ेगी। लोजपा (रामविलास) ने बुधवार को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपने 14 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी। अब लोजपा (रामविलास) ने अपने हिस्से की सभी 29 सीटों की सूची जारी कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित