जालौन , अप्रैल 17 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में आटा-इटौरा मार्ग पर ओवरलोड ट्रकों की अवैध आवाजाही को संरक्षण देने वाले कथित लोकेशन माफिया गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत थाना आटा पुलिस और एआरटीओ प्रवर्तन टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार तथा खान निरीक्षक कुलदीप कुमार राम की टीम ने पिपराया के पास दबिश देकर आरोपियों को उस समय पकड़ा, जब वे संदिग्ध परिस्थितियों में खड़े थे।
जांच में पुलिस ने पाया कि आरोपी कथित रूप से ओवरलोड ट्रकों को चेकिंग से बचाने के लिए अधिकारियों की गतिविधियों और सुरक्षित मार्गों की सूचना उपलब्ध कराते थे। गिरफ्तार आरोपियों में कामरान, अफजल निवासी उरदनपुरा कालपी, सरफराज उर्फ मुन्ना निवासी नई बस्ती कालपी तथा वाहन चालक प्रमोद कुमार और मनोज कुमार निवासी जनपद कानपुर देहात शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन ओवरलोड मोरंग भरे ट्रक, एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित