सतना , अगस्त 19 -- मध्यप्रदेश के सतना में लोकायुक्त पुलिस रीवा ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कृष्ण चंद्र शर्मा (के.सी. शर्मा) को 96 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख एवं उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त योगेश्वर शर्मा के नेतृत्व में बुधवार को ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई सतना के प्रेम नगर स्थित एक किराए के मकान में की गई।

बताया गया कि शिकायतकर्ता सिद्धार्थ ओझा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, सतना की नागौद शाखा में समिति प्रबंधक के पद पर पदस्थ हैं। उनके कार्यक्षेत्र में पटवारा, रीछुल और दुरेहा समितियां आती हैं। शिकायतकर्ता ने वर्ष 2025-26 में 32 हजार 300 क्विंटल धान की खरीदी की थी।

आरोप है कि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक सतना के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री शर्मा द्वारा धान खरीदी के कमीशन के रूप में शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये की अवैध रिश्वत मांगी जा रही थी। रिश्वत नहीं देना चाहने पर शिकायतकर्ता ने लोकायुक्त कार्यालय रीवा में शिकायत की।

शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा तीन रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से 96 हजार रुपये की रिश्वत मांगना पाया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर लोकायुक्त टीम गठित कर बुधवार को ट्रैप कार्रवाई की गई।

लोकायुक्त टीम ने आरोपी कृष्ण चंद्र शर्मा को शिकायतकर्ता से 96 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा सात के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई में विशेष पुलिस स्थापना, लोकायुक्त कार्यालय रीवा के निरीक्षक नरेश बेहरा और निरीक्षक एस.आर. मरावी सहित लोकायुक्त पुलिस की टीम शामिल रही। लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि रीवा संभाग में यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो लोकायुक्त पुलिस रीवा से संपर्क किया जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित