उज्जैन , अप्रैल 16 -- मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त संगठन उज्जैन ने रतलाम जिले के सैलाना तहसील में एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
लोकायुक्त सूत्रों के अनुसार आवेदक जितेंद्र पाटीदार, निवासी ग्राम अडवानिया तहसील सैलाना जिला रतलाम ने 10 अप्रैल को लोकायुक्त कार्यालय उज्जैन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसके पिता ईश्वर लाल पाटीदार की लगभग 5 हेक्टेयर कृषि भूमि के सीमांकन के लिए पटवारी कैलाश वाध्ख्या द्वारा 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी।
शिकायत की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त टीम ने योजना बनाकर आज सैलाना तहसील कार्यालय में नायब नाजिर कक्ष में ट्रैप कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी पटवारी कैलाश वाध्ख्या को आवेदक से 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
बताया गया है कि आरोपी पहले ही 3 हजार रुपये ले चुका था और बाद में 7 हजार रुपये कम कर 20 हजार रुपये में सौदा तय किया था। यह कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त आनन्द कुमार यादव के मार्गदर्शन में की गई। ट्रैप दल में निरीक्षक राजेंद्र वर्मा सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित