रीवा , अगस्त 11 -- मध्यप्रदेश में लोकायुक्त इकाई रीवा ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग, संभाग रीवा के प्रभारी मुख्य अभियंता कैलाश कुमार लच्छे को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। कार्रवाई में उनके अशासकीय सहयोगी धर्मवीर भारती को भी आरोपी बनाया गया है।

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश पर उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त रीवा योगेश्वर शर्मा के नेतृत्व में यह ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई 11 अगस्त को अटल पार्क के सामने सिविल लाइन रीवा स्थित आरोपी कैलाश कुमार लच्छे के शासकीय आवास पर की गई।

शिकायतकर्ता सोनू सिंह सतना जिले की टेस्टिंग लैब पीवीपी लिमिटेड में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उनकी फर्म द्वारा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का परीक्षण किया जाता है। शिकायत के अनुसार उनकी फर्म को लोक निर्माण विभाग, संभाग रीवा में काम दिलाने के एवज में प्रभारी मुख्य अभियंता कैलाश कुमार लच्छे द्वारा प्रति माह एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।

शिकायतकर्ता ने 04 अगस्त 2026 को लोकायुक्त कार्यालय रीवा में शिकायत दर्ज कराई थी। लोकायुक्त पुलिस ने शिकायत का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान कैलाश कुमार लच्छे ने अपने साथी धर्मवीर भारती के सहयोग से शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये ले लिए थे।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक योगेश्वर शर्मा के निर्देश पर उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने 11 अगस्त को कैलाश कुमार लच्छे को धर्मवीर भारती के सहयोग से शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया।

आरोपी कैलाश कुमार लच्छे (59) भोपाल निवासी हैं और वर्तमान में लोक निर्माण विभाग संभाग रीवा के प्रभारी मुख्य अभियंता के पद पर पदस्थ हैं। उनका मूल पद कार्यपालन यंत्री, लोक निर्माण विभाग जिला रीवा है। दूसरे आरोपी धर्मवीर भारती (59) निवासी विदिशा को उनका अशासकीय सहयोगी बताया गया है।

लोकायुक्त पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के संशोधित अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। ट्रैप कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार, निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया सहित लोकायुक्त कार्यालय रीवा की टीम शामिल रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित