खरगोन , अप्रैल 27 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में लोकायुक्त पुलिस इंदौर ने प्रधानमंत्री आवास योजना की किश्त जारी करने के एवज में रिश्वत लेने के आरोप में पंचायत सचिव और सरपंच पति को रंगे हाथ पकड़ लिया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत भोमवाड़ा के सचिव जितेंद्र सिंह पंवार और सरपंच पति चिंताराम भोमारे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज किया गया है।

शिकायतकर्ता कविता यादव (35) निवासी ग्राम भोगवाड़ा को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1 लाख 25 हजार रुपए स्वीकृत हुए थे, जो चार किश्तों में मिलना थे। उन्हें पहली किश्त 25 हजार रुपए और दूसरी किश्त 40 हजार रुपए प्राप्त हो चुकी थी।

आरोप है कि तीसरी और चौथी किश्त जारी करने के लिए आरोपियों ने 8 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। इसकी शिकायत लोकायुक्त एसपी राजेश सहाय से की गई, जिसके सत्यापन के बाद ट्रैप दल गठित किया गया।

कार्रवाई के दौरान चिंताराम भोमारे को सचिव की मौजूदगी में 8 हजार रुपए लेते हुए पकड़ा गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 2018 और बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित