धार/इंदौर , मार्च 31 -- मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार के विरुद्ध चल रही कार्रवाई के तहत लोकायुक्त पुलिस की इंदौर इकाई ने जल संसाधन विभाग के एक अमीन को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
लोकायुक्त सूत्रों के अनुसार ग्राम आमला, जिला धार निवासी आवेदक दयाराम पटेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जल संसाधन विभाग में पदस्थ अमीन राज दिनकर पट्टा स्वीकृत कराने के लिए 30 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है। आवेदक रिश्वत नहीं देना चाहता था और आरोपी को रंगे हाथ पकड़वाना चाहता था।
शिकायत की पुष्टि के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के निर्देशन में ट्रैप दल का गठन किया गया। आरोपी ने आवेदक को धार बुलाया, जहां आज अवकाश होने के कारण आवेदक ने उसे अपने किराए के मकान पर बुलाया।
जैसे ही आरोपी ने आवेदक से 10 हजार रुपए की रिश्वत अपने हाथ में ली, लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक सुनील तालान सहित लोकायुक्त की टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित