नयी दिल्ली , जुलाई 20 -- विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण लोकसभा में भोजनावकाश के बाद भी सोमवार को कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी और पीठासीन अधिकारी को सदन की कार्यवाही तीन बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी।
सदन की कार्यवाही भोजनावकाश के बाद ढाई बजे जैसे ही शुरू हुई, पीठासीन अधिकारी जगदम्बिका पाल ने सदस्यों को नियम 377 के तहत अपने मामले उठाने के लिए कहा लेकिन विपक्षी दलों के सदस्य तख्तियां लेकर सदन के बीचोंबीच आ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
श्री पाल ने कहा कि जनता ने सांसदों को अपनी उम्मीदों के साथ लोकसभा में भेजा है। सदन में तख्तियां और बैनर लेकर आना तथा नारेबाजी करना उचित नहीं है और इसकी अनुमति नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित