नयी दिल्ली , जुलाई 28 -- लोकसभा ने स्कॉटलैंड के ग्लासगो में चल रहे 23वें राष्ट्रमंडल खेलों और विश्व जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाने वाले भारतीय खिलाड़ियों को मंगलवार को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही शुरू होते ही सदस्यों को बताया कि पैरा खिलाड़ी शर्मिला धनखड़ ने स्वर्ण पदक, शिल्पा के. शायला और विद्यारानी देवी ने कांस्य पदक, जबकि सर्वेश कुशारे, वलरी अजय बाबू तथा ग्यानेश्वरी यादव ने रजत पदक जीतकर भारत का नाम रोशन किया है।
उन्होंने यह भी बताया कि भारत की 18 वर्षीय स्क्वैश खिलाड़ी अनाहत सिंह ने कनाडा में आयोजित विश्व जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप-2026 का खिताब जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।
श्री बिरला ने सदन की ओर से सभी खिलाड़ियों, उनके प्रशिक्षकों और टीम इंडिया को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित