विद्या शंकर राय सेलखनऊ , अगस्त 19 -- उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अभी से सतर्क हो गई है। लोकसभा चुनाव 2024 में हुई गलतियों से सबक लेते हुए पार्टी ने इस बार काफ़ी सतर्कता के साथ चुनावी रणनीति को आगे बढ़ाने का फैसला किया है।
भाजपा के सूत्रों की मानें तो 2024 के लोकसभा के चुनाव में कुछ मामलों में पार्टी से चूक हुई थी जिसका खामियाजा उत्तर प्रदेश में भुगतना पड़ा था। यही वजह है कि पिछले लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक सीटें मिलीं थीं।
भाजपा के एक पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) को अधिक सीटें मिलीं थीं क्योंकि पार्टी से कई जगहों पर चूक हुई थी।
उन्होंने कहा, " अबकी बार 400 पार " का नारा भाजपा के लिए नुकसानदायक साबित हुआ। पार्टी ने 400 पार का नारा तो दिया लेकिन वह जनता को इसका कारण समझाने में कामयाब नहीं हुई जबकि विपक्ष ये नैरेटिव बनाने में सफल हो गया कि भाजपा सरकार को दो तिहाई बहुमत मिल गया तो वह संविधान बदल देगी। ये परसेप्शन जनता के बीच चला गया जिसका नतीजा हुआ कि उत्तर प्रदेश में पार्टी को भारी नुकसान हुआ।"भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि लोकसभा चुनाव के दौरान हुई इस चूक से भाजपा ने सबक लिया है और तय किया है कि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में इस तरह के नारे या स्लोगन का प्रयोग नहीं करेगी। यानी "अबकी बार 300 पार" जैसा नारा आपको इस चुनाव में नहीं सुनाई देगा। इसकी जगह पूर्ण बहुमत, प्रचंड बहुमत जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया जाएगा।
जंतर मंतर पर हुए प्रदर्शन और धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का असर क्या विधानसभा चुनाव पर पड़ेगा, उन्होंने कहा जेन जी का रुझान अभी भी भाजपा के पक्छ में है इस नाराजगी को समय रहते ख़त्म कर लिया जाएगा। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की सरकार युवाओं के लिए लगातार काम कर रही है। सरकारी योजनाओं के माध्यम से युवा वर्ग की नाराजगी दूर कर ली जाएगी। लेकिन हाँ यूजीसी के मामले को लेकर पार्टी जरूर विचार कर रही है।
दरअसल ऐसा माना जा रहा है कि दतिया और बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मिली हार के बाद बीजेपी को इस बात का इनपुट मिला है कि यूजीसी के मुद्दे को लेकर सवर्णों के भीतर काफ़ी नाराजगी है जिसको दूर करने की आवश्यकता है।
राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इसका कोई खास असर चुनाव में नहीं होगा। अभी चुनाव में समय है तब तक माहौल और स्थितियां सामान्य हो जाएगी । राम मंदिर विवाद को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिस तरह से कार्रवाई की है और दोषियों के खिलाफ कदम उठाया है उससे जनता के बीच पॉजिटिव संदेश गया है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के पीडीए वाले फार्मूले को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता ने तंज कसते हुए कहा कि 2022 के चुनाव से पहले भी समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पूरी तरह से कॉन्फिडेंस में थे। नतीजे से पहले ही मंत्रालय बाटने लगे थे। हम तो यही चाहते हैं की वो इसी तरह ओवरकॉन्फ़िडेंस का शिकार होते रहें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित