नयी दिल्ली , जुलाई 30 -- लोकसभा में विपक्ष के सदस्यों ने चढ़ावा चोरी और गृहमंत्री अमित शाह से छात्रों पर गोली चलाने के मामले में जवाब देने की मांग को लेकर हंगामा किया जिसके कारण पीठासीन अधिकारी संध्या राय को सदन की कार्यवाही तीन बजे तक स्थगित करनी पड़ी।

एक बार के स्थगन के बाद दो बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरु हुई विपक्षी सदस्य हाथों में तख्तियां लहराते और नारे लगाते हुए सदन के बीचों बीच आ गये। पीठासीन अधिकारी ने सदस्यों से नारेबाजी नहीं करने और तख्तियां न लहराने का आग्रह किया लेकिन सदस्यों ने उनके आग्रह को अनसुना कर दिया।

हंगामे के बीच पीठासीन अधिकारी ने जरूरी कागजात सदन के पटल पर रखवाए। उन्होंने सदस्यों से हंगामा नहीं करने का फिर आग्रह किया लेकिन हंगामा जारी रहा तो उन्होंने सदन की कार्यवाही तीन बजे तक स्थगित कर दी।

इससे पहले 11 बजे अध्यक्ष ओम बिरला ने जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू की विपक्षी सदस्यों ने नारे लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया जिसके कारण उन्हें सदन की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित करनी पड़ी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित