नैनीताल , अप्रैल 30 -- उत्तराखंड के नैनीताल दौरे पर आये लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने गुरुवार को प्रसिद्ध कैंची धाम में बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन किए। इस दौरान उनका परिवार भी साथ था।
श्री बिड़ला का मंदिर कमेटी की ओर से भव्य स्वागत किया गया। लोकसभा अध्यक्ष ने मंदिर में पूजा अर्चना की और ध्यान लगाया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया माध्यम इंस्टाग्राम पर लिखा किदेवताओं की भूमि उत्तराखंड में अपने प्रवास के दौरान, मुझे सुरम्य हिमालय पर्वत श्रृंखलाओं के बीच स्थित दिव्य कैंची धाम के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
आदरणीय बाबा श्री नीम करौली महाराज के इस पवित्र स्थल में असाधारण शांति, सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक संतुलन का अनुभव होता है। यहाँ की पवित्र भूमि, वातावरण की शुद्धता और जीवंत भक्ति आत्मा को गहराई तक स्पर्श करती है।
बालाजी महाराज से मेरी प्रार्थना है कि सुख, शांति और समृद्धि सभी के जीवन में प्रवाहित हो और वे हम सभी को सकारात्मकता, सेवा और भक्ति के मार्ग पर आगे बढ़ने की शक्ति प्रदान करें।
यहां बता दें कि लोकसभा अध्यक्ष पांच दिनी यात्रा पर नैनीताल जिले के दौरे पर आये हैं। इस दौरान उन्होंने कार्बेट पार्क भ्रमण के साथ ही नैनीताल पहुंचे और कैंची धाम के दर्शन किए। उन्होंने नैनीताल स्थित उत्तराखंड प्रशासनिक अकादमी में वन पंचायत और नगर निकायों के प्रतिनिधियों से संवाद किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित