भोपाल , मार्च 25 -- राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि लोकभवन प्रदेश की प्रशासनिक गरिमा का प्रतीक है और इसके प्रवेश द्वारों का सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित होना सुरक्षा के साथ-साथ राज्य की सांस्कृतिक पहचान को भी सशक्त करता है।
राज्यपाल ने बुधवार को लोकभवन के प्रवेश द्वार क्रमांक-2 के जीर्णोद्धार एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार्पण किया। उन्होंने भारत माता के जयघोष के साथ फीता काटकर प्रवेश द्वार का उद्घाटन किया और निर्माण कार्य के लिए संबंधित विभागों की सराहना की।
अधिकारियों के अनुसार प्रवेश द्वार क्रमांक-1 एवं 2 के जीर्णोद्धार और सुदृढ़ीकरण कार्य पर लगभग 98 लाख 65 हजार रुपए की लागत आई है। कार्य में संरचनात्मक मजबूती, सौंदर्यीकरण और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा गया है, जिससे लोकभवन परिसर अधिक सुरक्षित और आकर्षक बना है।
राज्यपाल ने अप्रैल 2025 में इन प्रवेश द्वारों के निर्माण कार्य का भूमि-पूजन किया था। प्रवेश द्वार क्रमांक-1 का लोकार्पण विगत वर्ष गांधी जयंती के अवसर पर किया गया था, जबकि इसके बाद प्रवेश द्वार क्रमांक-2 का कार्य पूर्ण हुआ। इस अवसर पर राज्यपाल के प्रमुख सचिव नवनीत मोहन कोठारी सहित लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित