पटना , अक्टूबर 03 -- बिहार के पथ निर्माण मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी बार-बार विदेश की धरती से भारत के लोकतंत्र पर सवाल उठाते हैं, जबकि सच्चाई यह है कि लोकतंत्र ख़तरे में नहीं बल्कि स्वयं श्री गांधी का भविष्य ख़तरे में है।

श्री नवीन ने बयान जारी कर कहा कि देश और बिहार की जनता अब यह भली-भांति समझ चुकी है कि जब-जब श्री गांधी विदेश जाते हैं, भारत की छवि धूमिल कर लौटते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तब खतरे में था जब कांग्रेस ने पूरे देश में आपातकाल लगाया था। लोकतंत्र तब खतरे में था जब सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को हटाकर अपने खास लोगों को बैठाया गया। आज लोकतंत्र पूरी तरह सुरक्षित है और जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों के हाथों में मजबूती से संचालित हो रहा है।

मंत्री श्री नवीन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की सरकारों के समय जनता को दबाने और उन्हें बंदी बनाकर रखने का काम हुआ था। उन्होंने कहा कि आज का भारत और आज का बिहार, आत्मविश्वास से भरा हुआ है और मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था के अंतर्गत विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की छवि पूरे विश्व में स्थापित करने का ऐतिहासिक काम किया है। आज उनके नेतृत्व के बदौलत भारत का हर नागरिक गर्व से सिर उंचा कर पूरी दुनिया में घूम रहा है।

श्री नवीन ने कहा कि आज देश ही नहीं, बिहार की जनता भी भलीभांति जान चुकी है कि महागठबंधन के नेता केवल जनता को गुमराह करने और देश की बदनामी करने में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि जनता इस बार बिहार चुनाव में इसका करारा जवाब देगी और लोकतंत्र विरोधी मानसिकता रखने वालों को पूरी तरह नकार देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित