मैनपुरी , अक्टूबर 31 -- पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने विपक्ष पर लोकतंत्र को लेकर भ्रम फैलाने और देश में गलत धारणा बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारत में किसी भी कीमत पर तख्तापलट या सत्ता परिवर्तन की स्थिति संभव नहीं है। भारत न नेपाल है, न श्रीलंका और न ही बांग्लादेश। यहां लोकतंत्र की जड़ें मजबूत हैं और सरकारें जनता के मतों से बनती और बदलती हैं। श्री सिंह ने पत्रकारों से वार्ता में कहा कि लोकतंत्र में सभी नागरिकों और राजनीतिक दलों को अपनी बात रखने तथा शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन इसके लिए कानून और निर्धारित मर्यादाओं का पालन आवश्यक है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष मनगढ़ंत बातें और भ्रांतियां फैलाकर जनता के बीच भ्रम पैदा करने का प्रयास कर रहा है। चुनाव हारने पर विपक्ष ईवीएम और चुनाव आयोग पर सवाल उठाता है, जबकि जीत मिलने पर उसे चुनाव प्रक्रिया में कोई खामी नजर नहीं आती। यह विपक्ष का दोहरा चरित्र है, जिसे जनता समझ चुकी है।
समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के मुद्दे पर उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि इसे लागू करना भाजपा के संकल्प पत्र का प्रमुख वादा है। पार्टी इस संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। देश के कई राज्यों में इस दिशा में ठोस कदम उठाए जा चुके हैं।
गृह मंत्री के लखनऊ दौरे और भाजपा में कथित मतभेदों की चर्चाओं को उन्होंने विपक्ष का दुष्प्रचार बताया। कहा कि केंद्र और प्रदेश के नेतृत्व के बीच किसी तरह का मतभेद नहीं है। पूरी पार्टी एकजुट होकर कमल के निशान के साथ खड़ी है। संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय है।
इसरो द्वारा नेविगेशन उपग्रह के सफल प्रक्षेपण पर वैज्ञानिकों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वैज्ञानिकों को पर्याप्त बजट, संसाधन और प्रोत्साहन मिल रहा है। इसी का परिणाम है कि भारतीय वैज्ञानिक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं और कभी विकसित देशों के एकाधिकार वाले तकनीकी क्षेत्रों में भी भारत अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
सपा नेता एसटी हसन के भगवान राम के जन्मस्थान को लेकर दिए गए बयान पर उन्होंने कहा कि वह पहले भी इस तरह के बयानों के लिए जाने जाते रहे हैं। वरिष्ठ नागरिक होने के नाते उन्हें ऐसे तथ्यहीन और बेबुनियाद बयानों से बचना चाहिए।
फिरोजाबाद की घटना और पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवालों के संबंध में मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में किसी भी अपराधी को संरक्षण नहीं दिया जाएगा। कानून के सामने सभी समान हैं। किसी के साथ पक्षपात नहीं होगा। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ निष्पक्ष जांच के बाद कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित