चेन्नई , अक्टूबर 10 -- कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लोकतंत्र को बर्बाद करने और परिसीमन के जरिए तमिलनाडु की आवाज दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया और कहा कि इसे दबने नहीं देना है।
श्री गांधी ने शनिवार को यहां अपने अभियान 'छात्रों की गूंज' के छठे संस्करण को संबोधित करते हुए छात्रों से बातचीत की और उनसे सवाल पूछे।उन्होंने पेरियार और तिरुवल्लुवर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि किसी बात को केवल इसलिए स्वीकार नहीं करना चाहिए कि उसे किसी दूसरे व्यक्ति ने कहा है, बल्कि हर चीज का विश्लेषण करना और उसके बारे में सवाल पूछना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिज्ञासा सवाल पूछने, नयी चीजें जानने, कल्पना करने और अपनी पसंद चुनने की शक्ति देती है। कोई भी व्यवसाय, देश, नवाचार, कला, नृत्य या संगीत बेहतर तरीके से करने की शुरुआत एक सवाल से होती है। लोकतंत्र में सवाल पूछना लोगों का अधिकार है और सवालों की रक्षा करना भी जरूरी है लेकिन मोदी सरकार इन्हीं सिद्धांतों को नष्ट भ्रष्ठ कर रही है।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री तमिलनाडु की भाषा, संस्कृति और जमीन पर हमला कर रहे हैं। आप पर भाषा को थोपा जा रहा है। नफरत, डर फैलाकर समाज को बांटना उनका हथियार हैं। उन्होंने कहा कि परिसीमन के जरिए तमिलनाडु की आवाज को दबाने और राज्य के लोगों को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।
श्री गांधी ने छात्रों से कहा कि उन्हें अपनी भाषा, संस्कृति, परंपरा, इतिहास और जमीन पर गर्व होना चाहिए, क्योंकि यही उनकी जिज्ञासा का आधार हैं। उन्होंने युवाओं से सवाल पूछने और अपनी जिज्ञासा को बनाये रखने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित