चेन्नई , अक्टूबर 10 -- कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह लोकतंत्र को तबाह कर रहे हैं और 'वोट चोरी' के जरिए जनता के अधिकारों को कमजोर कर रहे हैं।

श्री गांधी ने आज यहां आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में युवाओं से संवाद करते हुए दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई की निंदा की। उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले छात्रों को डरने की जरूरत नहीं है। विपक्ष उनके साथ खड़ा है और मिलकर मोदी सरकार को उखाड़ फेंकेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शनों को रोकने के लिए पाबंदियां लगायी गयी तथा इंटरनेट बंद किया गया और छात्रों के साथ मारपीट की गयी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री , गृह मंत्री अमित शाह, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को संविधान एवं लोकतंत्र पर कथित हमलों के लिए न्याय के कटघरे में लाने से कोई ताकत नहीं रोक सकती।

उन्होंने छात्रों से सवाल पूछते रहने और अपने विचारों के लिए खड़े रहने की अपील की। उन्होंने तमिलनाडु की भाषा, संस्कृति और शिक्षा से जुड़े मुद्दे उठाते हुए केंद्र सरकार की नीतियों पर भी सवाल खड़े किये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित