औरैया , फरवरी 07 -- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद प्रो. रामगोपाल यादव ने औरैया प्रवास के दौरान भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार करते हुए बेहद गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया पर गहरा संदेह व्यक्त करते हुए कहा कि सत्ता पक्ष के इशारे पर सीधे लखनऊ से यह तय किया जा रहा है कि किन मतदाताओं के नाम सूची से काटने हैं और किनके नाम बनाए रखने हैं। प्रो. यादव ने जिला अधिकारियों की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकारी मशीनरी का इस तरह का खुला दुरुपयोग लोकतंत्र के भविष्य के लिए एक बड़ा खतरा है जिसे समाजवादी पार्टी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। सपा महासचिव ने यह बातें शनिवार को औरैया के बल्लापुर स्थित विवेकानंद इंटर कॉलेज में नवनिर्मित भौतिक विज्ञान एवं रासायनिक विज्ञान प्रयोगशाला के उद्घाटन समारोह के दौरान कहीं।

उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि पार्टी के पीडीए प्रहरी बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं और शासन-प्रशासन की हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रख रहे हैं। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि आगामी चुनाव प्रक्रिया या मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाई गई तो समाजवादी पार्टी सड़क पर उतरकर विरोध करने के साथ-साथ उच्चतम न्यायालय तक न्याय की लड़ाई लड़ेगी।

यूजीसी के सवाल पर उन्होंने कहा कि चूंकि मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है इसलिए अभी कोई भी टिप्पणी करना उचित नहीं होगा लेकिन आवश्यकता पड़ने पर छात्रों के संवैधानिक हक के लिए उच्चतम न्यायालय में प्रभावी संघर्ष किया जाएगा।

इससे पूर्व उन्होंने विद्यालय में प्रयोगशाला का विधिवत उद्घाटन कर छात्र-छात्राओं को संबोधित किया और उन्हें आधुनिक युग में वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जोर दिया कि शिक्षित और जागरूक युवा पीढ़ी ही एक समर्थ राष्ट्र का निर्माण कर सकती है। इस भव्य कार्यक्रम में विधायक प्रदीप यादव, सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम सहित बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित