बारां , अक्टूबर 26 -- राजस्थान के बारां जिले में पंचायती राज चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने और लोकतंत्र के महापर्व में सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 'लोकतंत्र के सब रंग' अभियान के तहत सतरंगी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर बालमुकुंद असावा के निर्देशन में अंता एवं शाहबाद उपखंड में बैंड वादन और आकर्षक 'वोट बारात' निकालकर ग्रामीणों को शत-प्रतिशत मतदान के लिए जागरूक किया गया।
आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को बताया कि शाहबाद क्षेत्र के केलवाड़ा में वोट बारात राजकीय विद्यालय दांता से प्रारंभ होकर कस्बे के प्रमुख मार्गों से होती हुई लक्ष्मण चौक पहुंची। यहां मानव श्रंखला बनाकर मतदान का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने हाथों में मतदाता जागरूकता संबंधी नारे लिखी तख्तियां लेकर 'अनमोल मेरा वोट' जैसे जागरूकता गीतों पर नृत्य करते हुए आमजन को मतदान के लिए प्रेरित किया।
पारंपरिक ढोल-नगाड़ों की थाप और रंग-बिरंगी ओढ़नी-चुनरी में सजी महिलाओं की भागीदारी ने आयोजन को सतरंगी स्वरूप प्रदान किया। ग्रामीणों ने भी नाचते-गाते हुए बारात में शामिल होकर लोकतंत्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित