लखनऊ , मार्च 17 -- गोरखपुर में दिनदहाड़े पूर्व पार्षद की हत्या के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस घटना को लेकर योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।
श्री यादव ने कहा कि यह घटना बताती है कि अपराधियों को खुला संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में "लॉ एंड ऑर्डर को ही गोली मार दी गई है" और अपराधी बिना किसी डर के वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। सपा प्रमुख ने कहा कि प्रदेश में हत्या, लूट और महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम जनता में भय का माहौल है। उन्होंने सरकार के "जीरो टॉलरेंस" के दावे को भी सवालों के घेरे में रखा।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा। उन्होंने लखनऊ के ग्रीन कॉरिडोर निर्माण में कथित अनियमितताओं का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा शासन में भ्रष्टाचार चरम पर है। साथ ही जल जीवन मिशन में गड़बड़ियों का भी आरोप लगाया।उन्होने कहा कि प्रदेश की जनता अब सच्चाई समझ चुकी है और आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में बदलाव तय है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के नेतृत्व में प्रदेश को अपराध और भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित