नयी दिल्ली , मार्च 25 -- केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने बुधवार को रियाद में हुए एशियन लैक्रोस गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष और महिला लैक्रोस टीमों को सम्मानित किया। उन्होंने टीमों से कड़ी मेहनत जारी रखने और लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करके इतिहास रचने का लक्ष्य रखने का आग्रह किया।
आज यहां खिलाड़ियों से बातचीत करते हुए लैक्रोस जैसे उभरते खेलों में दृढ़ संकल्प, अनुभव और लगातार प्रयास के महत्व पर बल देते हुए कहा, "लैक्रोस भारत के लिए एक बड़ा उभरता हुआ खेल है। यह आपका पहला बड़ा अंतरराष्ट्रीय अनुभव था और आप पहले ही देश के लिए मेडल जीत लाए हैं। अब आपका ध्यान और कड़ी मेहनत करने, अधिक अनुभव हासिल करने और लॉस एंजिल्स 2028 के लिए क्वालिफाई करने का लक्ष्य रखकर देश को गौरवान्वित करने पर होना चाहिए।"उन्होंने कहा कि सरकार 'खेलो इंडिया' जैसी पहलों के माध्यम खिलाड़ियों को लगातार सहयोग देती रहेगी, लेकिन उन्होंने इस बात पर भी बल दिया कि जुनून और लगन ही सफलता की असली कुंजी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित