चंडीगढ़ , जुलाई 02 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने गुरुवार को आम आदमी पार्टी (आप) सरकार द्वारा दोबारा लागू की जा रही लैंड पूलिंग नीति का कड़ा विरोध करते हुए इसे पूरी तरह किसान विरोधी करार दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह नीति पंजाब के विकास के लिए नहीं, बल्कि किसानों की जमीन पर कब्जा करने की साजिश है।
यहां जारी एक बयान में श्री ढिल्लों ने कहा कि पंजाब में तथाकथित 'बदलाव' की सरकार वास्तव में दिल्ली से रिमोट कंट्रोल के जरिए चलायी जा रही है और इसका उद्देश्य पंजाब के किसानों के हितों की रक्षा करना नहीं, बल्कि उनकी जमीन छीनना है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि क्या व्यावसायिक या आवासीय प्लॉट किसी किसान के परिवार की आजीविका का स्थायी साधन बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसान के लिए उसकी जमीन ही रोजी-रोटी का एकमात्र आधार होती है और भूखंड खेती का विकल्प नहीं हो सकते।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पिछले वर्ष भी जब सरकार यही नीति लेकर आयी थी, तब पंजाब के किसानों ने इसका जोरदार विरोध किया था। उनके अनुसार यह विकास की नीति नहीं, बल्कि आप संयोजक अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी द्वारा किसानों को उनकी जमीन से बेदखल करने की एक सुनियोजित योजना है। उन्होंने आप पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वर्ष 2022 की तरह इस बार भी 'झाड़ू वाली सरकार' किसानों को झूठे सपने दिखाने की कोशिश कर रही है, लेकिन अब पंजाब के किसान और जनता उनके बहकावे में आने वाले नहीं हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित