नयी दिल्ली , जनवरी 29 -- केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता ने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण वायु सेना स्टेशन लेह में एक नये रनवे का बुधवार को उद्घाटन किया।

रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि इस मौके पर पश्चिमी वायु कमान के वरिष्ठ एयर स्टाफ ऑफिसर एयर मार्शल जेएस मान भी मौजूद थे।

यह परियाेजना लद्दाख में नागर विमानन बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और सिविल प्रशासन एवं क्षेत्र के विकास में शामिल सभी एजेंसियों के बीच घनिष्ठ सहयोग की भावना को पुष्ट बनाने में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस परियोजना को बेहद चुनौतीपूर्ण ऊंचाई वाले क्षेत्र और प्रतिकूल मौसम के बावजूद पूरा किया गया है। इससे जमीनी आवाजाही को आसान बनाने के साथ-साथ नागरिक उड़ानों के प्रस्थान में तेजी आयेगी और यात्रियों को सुविधा मिलेगी तथा समय की बचत होगी।

बेहतर वायु संपर्क से लेह क्षेत्र में पर्यटन को जबरदस्त बढ़ावा मिलने के साथ-साथ आर्थिक अवसरों का सृजन होगा और स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर बढेंगे। साथ ही बेहतर सुविधाएं निवासियों और आगंतुकों दोनों के लिए अधिक विश्वसनीय हवाई सेवाएं सुनिश्चित करेंगी, जबकि मानवीय सहायता और आपदा राहत आवश्यकताओं की क्षमता को भी मजबूती मिलेगी। इससे लद्दाख के दीर्घकालिक सामाजिक-आर्थिक विकास में सार्थक योगदान मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित