श्रीनगर , अक्टूबर 23 -- लद्दाख के मुख्य चुनाव अधिकारी (सीईओ) ने शुक्रवार को लेह और कारगिल नगर समितियों के आम चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा कर दी है, जिसके तहत 21 नवंबर को मतदान कराया जाएगा।
यह कार्यक्रम केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के सीईओ राहुल शर्मा ने घोषित किया है। सीईओ कार्यालय ने बताया कि चुनावों के लिए अधिसूचना 29 अक्टूबर को जारी की जाएगी, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि पांच नवंबर है। नामांकन पत्रों की छंटनी छह नवंबर को होगी और उम्मीदवार नौ नवंबर तक अपने नाम वापस ले सकते हैं। इसी दिन चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा और चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी।
पूरी चुनाव प्रक्रिया 30 नवंबर तक संपन्न हो जाएगी।
लेह नगर समिति में 21 वार्ड हैं, जबकि कारगिल में 17 वार्ड हैं। दोनों नगर समितियों की अंतिम मतदाता सूची एक अक्टूबरको अर्हता तिथि मानते हुए 22 अक्टूबर को प्रकाशित की गई थी।
इन दोनों नगर समितियों के पिछले आम चुनाव सितंबर 2018 में हुए थे।
आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है और यह चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक प्रभावी रहेगी। राजनीतिक दलों, चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों और संबंधित अधिकारियों को इसके प्रावधानों तथा सक्षम अधिकारी के जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया गया है।
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि ये चुनाव जम्मू-कश्मीर नगर पालिका अधिनियम, 2000 और जम्मू-कश्मीर नगर पालिका समिति (चुनाव) नियम, 2003 के तहत आयोजित किए जाएंगे।
नगर निकाय चुनावों का यह कार्यक्रम, लद्दाख के राज्य चुनाव आयोग के केंद्र शासित प्रदेश की सभी पंचायत हल्कों में नवंबर में पंचायत चुनाव कराने का प्रस्ताव दिए जाने के कुछ दिनों बाद घोषित किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित