श्रीनगर , जून 27 -- सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने लद्दाख में 'फायर एंड फ्यूरी कोर' की परिचालन तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सैनिकों से उभरती सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए सतर्क और अभियान के लिए हमेशा तैयार रहने का आह्वान किया। इस मौके पर उन्होंने पांच पूर्व सैनिकों को सम्मानित भी किया।

सेना ने बताया कि जनरल द्विवेदी को मौजूदा सुरक्षा स्थिति, परिचालन तैयारियों, बुनियादी ढांचे के विकास तथा निगरानी, गतिशीलता और एकीकृत परिचालन क्षमताओं को बढ़ाने के लिए चल रहे प्रयासों की जानकारी दी गयी।

सेना के अपर जनसूचना महानिदेशालय (एडीजीपीआई) ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि जनरल द्विवेदी ने लेह स्थित 'फायर एंड फ्यूरी कोर' के मुख्यालय का दौरा किया और लद्दाख में इसकी परिचालन तैयारियों, युद्ध तैयारी और क्षमता विकास की समीक्षा की। पोस्ट में कहा गया कि सेना प्रमुख (सीओएएस) को मौजूदा सुरक्षा स्थिति, बुनियादी ढांचे के विकास और निगरानी और गतिशीलता बढ़ाने की पहलों से अवगत कराया गया।

एडीजीपीआई ने कहा कि इस दौरे के दौरान सेना प्रमुख ने दुनिया के सबसे चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में से एक में काम करने वाले कोर के सभी रैंकों के असाधारण पेशेवर रुख, अटूट समर्पण और दृढ़ प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने सैनिकों को हमेशा मिशन पर ध्यान केंद्रित रखने, परिचालन रूप से फुर्तीला रहने और उभरती सुरक्षा चुनौतियों का सामना करने के लिए तत्पर रहने के लिए प्रेरित किया।

इससे पहले जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पांच पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया। सेवानिवृत्त कर्नल तोंडुप वांगैल, मेजर रिनचेन डोलमा कोल्टो, सूबेदार मेजर मानद कैप्टन सोनम मोरुत, सूबेदार मेजर मानद कैप्टन ताशी छेपाल (वीर चक्र) और नायक गुलाम हैदर को पूर्व सैनिकों तथा समाज कल्याण के लिए उनकी समर्पित सेवा और निरंतर प्रयासों के लिए 'वेटरन्स अचीवर्स अवार्ड्स' प्रदान किये गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित