बेरूत , मार्च 11 -- लेबनान में इज़रायली हमलों में कम से कम 19 लोग मारे गये हैं और कई अन्य घायल हैं।

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार दक्षिणी लेबनान के अल-शहाबिया में रातभर चले हमलों में सात लोगों की मौत हुई और 11 अन्य घायल हुए। पूर्वी लेबनान के बालबेक जिले के तमनीन अल-तहता क्षेत्र में हुए हवाई हमले में सात लोगों की मौत हुई है और 18 लोग घायल हैं।

राष्ट्रीय समाचार एजेंसी के अनुसार दक्षिणी लेबनान के बिंत जुबैल जिले के सफ अल-हवा इलाके में एक एसयूवी पर इज़रायली ड्रोन हमले में तीन लोगों की मौत हो गई। इसी तरह नबतियेह में ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई, जबकि बेका घाटी के ज़लाया क्षेत्र में भी एक व्यक्ति के मारे जाने की पुष्टि हुई है।

अन्य ड्रोन हमलों में बराशीत और तिबनिन क्षेत्रों में कई लोग घायल हुए हैं। बराशीत में दो सीरियाई नागरिक घायल हुए, जिनमें से एक की हालत गंभीर है। इसके अलावा अली अल-नहरी (बेका घाटी) में हुए हमले में पांच लोग घायल हुए हैं।

लेबनान के सामाजिक मामलों के मंत्रालय के अनुसार इज़रायली हमलों के बाद अब तक लगभग 7.8 लाख लोग विस्थापित हो चुके हैं, जिनमें से करीब 1.2 लाख लोग सरकारी राहत केंद्रों में रह रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित