बेरूत , अप्रैल 27 -- लेबनान के दक्षिणी हिस्से के ईसाई बहुल कस्बे देबेल में इजरायल की सेना ने बिजली और जलापूर्ति से जुड़े बुनियादी ढांचे को तबाह कर दिया, जिससे स्थानीय नागरिकों के सामने गंभीर मानवीय संकट उत्पन्न हो गया है। प्रेस टीवी की रिपोर्ट में यह बात कही गयी।

रिपोर्ट के अनुसार, इजरायली बलों (आईडीएफ) ने रविवार को कस्बे में सौर ऊर्जा पैनलों को बुलडोजर से नष्ट कर दिया, जिससे घरों की बिजली आपूर्ति और जल प्रणाली बाधित हो गयी। इसके अलावा मकानों, सड़कों और जैतून के बागानों को भी नुकसान पहुंचने की बात कही गयी है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, सौर ऊर्जा नेटवर्क नष्ट होने के बाद यह कस्बा बिजली और स्वच्छ पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहा है। देबेल हाल के सप्ताहों में कई घटनाओं का केंद्र रहा है। हाल ही में यहां एक इजरायली सैनिक को ईसा मसीह की प्रतिमा को खंडित करने का वीडियो सामने आया, जिससे व्यापक नाराजगी हुई।

वीडियो वायरल होने के बाद आईडीएफ ने सैनिक को इस कृत्य का दोषी पाया था और प्रतिमा को पुनर्स्थापित किया गया था।

इजरायल और हिज्बुल्ला के बीच युद्धविराम लागू होने के बावजूद क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और इजरायल पर बार-बार उल्लंघन के आरोप लगाए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित