चित्तौड़गढ़ , मई 29 -- राजस्थान में चित्तौड़गढ़ स्थित सैनिक स्कूल में लेफ्टिनेंट कर्नल ईशा ठकराल ने शुक्रवार को उप प्राचार्य का पदभार ग्रहण किया।
स्कूल के जनसम्पर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि लेफ्टिनेंट कर्नल ईशा ठकराल आर्मी एजुकेशनल कोर की एक दक्ष एवं अनुभवी अधिकारी हैं। उन्होंने 16 सितंबर 2006 को भारतीय सेना में कमीशन प्राप्त किया और वह दूसरी पीढ़ी की सेना अधिकारी होने के साथ-साथ ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी, चेन्नई की पूर्व छात्रा भी हैं।
उन्होंने बताया कि लेफ्टिनेंट कर्नल ठकराल ने जम्मू विश्वविद्यालय से अंग्रेजी साहित्य में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की है। उन्हें शिक्षा, नेतृत्व, प्रशासन एवं जनसंपर्क के क्षेत्र में व्यापक अनुभव प्राप्त है। वर्ष 2008 से 2011 तक उन्होंने भारतीय सैन्य अकादमी, देहरादून में जनसंपर्क अधिकारी के रूप में सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने जेंटलमैन कैडेट्स के प्रशिक्षण के साथ-साथ संस्थागत संचार एवं आउटरीच गतिविधियों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत लेफ्टिनेंट कर्नल ईशा ठकराल ने विद्यालय की उपलब्धियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त करते हुए विद्यालय को अग्रणी संस्थान बनाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित