चंदौली , फरवरी 16 -- चंदौली जिले के सकलडीहा तहसील क्षेत्र में तैनात लेखपाल पंकज कुमार यादव को एंटी करप्शन टीम ने सोमवार दोपहर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने इस मामले में उसके चचेरे भाई सुखबीर को भी पकड़ लिया है।

आरोप है कि लेखपाल ने रिपोर्ट लगाने के नाम पर शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायत मिलने पर एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को सकलडीहा स्थित एक कमरे में रिश्वत लेते पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को मुगलसराय कोतवाली लाया गया, जहां आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

बलुआ थाना क्षेत्र के बिसापुर निवासी विनय प्रकाश ने बताया कि उनके पिता का वर्ष 2014 में निधन हो गया था। इसके बाद उन्होंने अपनी असंक्रमणीय भूमि को संक्रमणीय घोषित कराने के लिए 28 जनवरी को एसडीएम के यहां आवेदन किया था। एसडीएम द्वारा रिपोर्ट मांगे जाने पर संबंधित लेखपाल ने कथित रूप से 10 हजार रुपये की मांग की। पीड़ित ने 13 फरवरी को इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से की थी।

सोमवार को लेखपाल ने शिकायतकर्ता को बुलाकर अपने चचेरे भाई के माध्यम से रिश्वत की राशि ली, तभी टीम ने दोनों को पकड़ लिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि एंटी करप्शन टीम से प्राप्त फर्द के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। आरोपी लेखपाल वर्ष 2016 में नियुक्त हुआ था और मूल रूप से इटावा जनपद का निवासी बताया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित