सहारनपुर , मई 17 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में 21 मई को आयोजित होने वाली लेखपाल मुख्य परीक्षा की लिखित परीक्षा के सफल संचालन हेतु अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये गये है।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में अधिकारियों को यह निर्देश दिये गये। उन्होंने कहा कि नकल या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए शीतल पेयजल और अन्य विशेष इंतजाम किए जाएं। परीक्षा केन्द्रों पर पुरूष एवं महिला अभ्यर्थियों की जांच के लिए अलग-अलग स्टाफ की ड्यूटी लगाई जाएं। उन्होंने कहा कि परीक्षा केन्द्र के अन्दर उपस्थित सभी कार्मिक अपने फोटोयुक्त पहचान पत्र जरूर प्रदर्शित करें।
श्री संतोष बहादुर सिंह ने कहा कि सभी सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक, केन्द्र पर्यवेक्षक निर्धारित प्रक्रियानुसार परीक्षा के सफल संचालन एवं परीक्षा को सकुशल, निर्विघ्न, निष्पक्षता एवं शुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए लगन, सजगता, आत्मानुशासन एवं समयबद्धता से सौंपे गये दायित्वों का निर्वहन करना सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ नकलविहीन संपन्न करायी जाये। इसकी संवेदनशीलता, शुचिता एवं पारदर्शिता किसी भी स्तर पर भंग न हो, यदि कोई भंग करने का प्रयास करेगा तो उसके विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी।
उन्होने रेलवे, रोडवेज एवं परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पडे।
लेखपाल के पदों पर भर्ती परीक्षा जनपद में 24 परीक्षा केंद्रों पर सुबह दस से 12:00 बजे तक संपादित होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित