गौतमबुद्धनगर , मई 15 -- उत्तर प्रदेश के जिला गौतमबुद्धनगर में शुक्रवार को अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की 21 मई को आयोजित होने वाली लेखपाल मुख्य परीक्षा की तैयारियों के लिए एक समीक्षा बैठक आयोजित की गयी।

अपर जिला अधिकारी न्यायिक प्रियंका की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस बैठक में परीक्षा संबंधी जानकारी साझा करते हुए बताया कि बैठक का उद्देश्य परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए केन्द्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करना था। बैठक में परीक्षा संचालन, सुरक्षा प्रबंध, गोपनीयता बनाए रखने, परीक्षार्थियों की सुविधा सुनिश्चित करने और शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने के विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के मानकों के अनुरूप अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दें। उन्होंने कहा कि किसी भी परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकल रहित तरीके से संपन्न कराने में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसीलिए अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर प्रत्येक ड्यूटी स्थल पर समय से उपस्थित होने और अपने दायित्व का पूर्ण निर्वहन करने की आवश्यकता है।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि किसी भी अधिकारी की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर सभी मूलभूत सुविधाओं की जांच और सीसीटीवी कैमरों की सुचारु स्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परीक्षा केंद्र पर एंट्री के समय इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स की सख्त जांच की जाए, ताकि कोई भी अभ्यर्थी अपने साथ मोबाइल या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश न कर सके।

लेखपाल मुख्य परीक्षा 21 मई को प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक जिले के 17 विभिन्न केंद्रों पर आयोजित होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित