बहराइच , सितंबर 22 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में लेखपालों की कमी और लगातार बढ़ते अतिरिक्त कार्यभार को लेकर मंगलवार को राजस्व विभाग में हलचल तेज हो गई। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर जिले के लेखपालों ने अतिरिक्त प्रभार वाले सर्किलों का काम छोड़ दिया और संबंधित बस्ते व रजिस्टर तहसील कार्यालयों में जमा करा दिए। लेखपालों के इस कदम से उन राजस्व क्षेत्रों में कामकाज प्रभावित होने की स्थिति बन गई है, जहां नियमित लेखपाल तैनात नहीं हैं। लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष आशुतोष सिंह ने बताया कि लंबे समय से लेखपालों को उनके मूल क्षेत्र के साथ अतिरिक्त क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी जा रही है। कार्यक्षेत्र बढ़ने के बावजूद आवश्यक सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। वेतन संबंधी समस्याओं, पदोन्नति और अन्य मांगों का भी अपेक्षित समाधान नहीं हुआ है।

उन्होंने कहा कि संघ के निर्णय के तहत लेखपाल अब अपने मूल सर्किल का कार्य करेंगे, लेकिन अतिरिक्त प्रभार वाले क्षेत्रों का काम नहीं संभालेंगे। संघ का कहना है कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को और विस्तार दिया जा सकता है।

पयागपुर तहसील में लेखपालों की कमी का असर सबसे स्पष्ट रूप से सामने आया है। लेखपाल संघ के अनुसार यहां 65 लेखपाल सर्किल हैं, जबकि महज 36 लेखपाल कार्यरत हैं। यानी 29 सर्किलों का काम अतिरिक्त प्रभार के जरिए चलाया जा रहा है। कई लेखपालों को अपने मूल सर्किल के अलावा एक या उससे अधिक अतिरिक्त सर्किलों की जिम्मेदारी उठानी पड़ रही है।

लेखपालों का कहना है कि लगातार बढ़ते काम के कारण राजस्व मामलों के निस्तारण और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान में कठिनाई आ रही है। उनका तर्क है कि एक लेखपाल पर कई क्षेत्रों की जिम्मेदारी होने से मौके पर जांच, रिपोर्ट और अन्य राजस्व कार्य समय से पूरा करना चुनौती बन रहा है।

लेखपाल संघ के प्रवक्ता पुष्कर तिवारी ने बताया कि अतिरिक्त कार्यभार कम करने और पर्याप्त संख्या में लेखपालों की तैनाती को लेकर पहले भी अधिकारियों को ज्ञापन दिया गया था। उस समय जल्द समाधान का भरोसा मिला, लेकिन स्थिति में बदलाव नहीं हुआ।

इसके बाद मंगलवार को तहसील लेखपाल संघ के अध्यक्ष पंकज सिंह के नेतृत्व में लेखपालों ने अपने अतिरिक्त सर्किलों के बस्ते और संबंधित रजिस्टर रजिस्ट्रार कानूनगो राममूर्ति को सौंप दिए।

लेखपालों ने प्रशासन से खाली पड़े सर्किलों में पर्याप्त संख्या में लेखपालों की तैनाती की मांग की है। इस दौरान विनय मिश्रा, पुष्पेंद्र शुक्ला, हिमांशु, नितिन, कुलदीप और शिवानी सिंह समेत कई लेखपाल मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित