देहरादून , फरवरी 03 -- फिक्की फ्लो के उत्तराखंड की देहरादून इकाई की ओर से मंगलवार को थानों स्थित लेखक गांव के सांस्कृतिक परिसर में फ्लो मैगज़ीन 2025-26 'फ़्लोकल' का समारोह पूर्वक विमोचन किया गया।
इस अवसर पर महिलाओं के साहस, निर्णय-क्षमता और आंतरिक शक्ति को दर्शाने वाली फिल्म 'हक़' का विशेष प्रदर्शन भी किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि, भारतीय जनता पार्टी नेत्री दीप्ति रावत भारद्वाज ने अपने संबोधन में विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भूमिका पर बल दिया। उन्होंने कहा कि महिलाएँ अपार क्षमता, दृढ़ इच्छाशक्ति और सामर्थ्य से युक्त हैं तथा समाज और राष्ट्र के विकास में उनकी भूमिका निर्णायक है।
विशिष्ट अतिथि, लेखिका एवं लेखक गांव की निदेशक विदुषी पोखरियाल ने लेखक गांव के साहित्यिक, सांस्कृतिक और वैचारिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अत्यंत भावुकता के साथ लेखक गांव की यात्रा-प्राचीन मंदिर से समृद्ध पुस्तकालय तक का वर्णन किया और इसे रचनात्मकता, आत्मचिंतन एवं विचार-विमर्श का सशक्त केंद्र बताया। उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों को समझने, पहचानने और उनके प्रति सजग रहने का आह्वान किया तथा उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डॉ. गीता खन्ना, चेयरपर्सन, फिक्की फ्लो देहरादून ने कहा कि फिक्की फ्लो निरंतर प्रयास कर रहा है कि महिलाओं को न केवल बेहतर भविष्य का मार्गदर्शन मिले, बल्कि उन्हें अपनी पहचान, मंच और अवसर भी प्राप्त हों। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण ही सामाजिक प्रगति की कुंजी है।
कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री डा रमेश पोखरियाल निशंक, फिक्की फ्लो देहरादून की नेतृत्व टीम के अतिरिक्त ममता रावत, श्रुति गुप्ता, डॉ. गिगल रस्तोगी, नम्रता शर्मा, अंजलि वर्मा, सुनीता विद्यार्थी सहित अनेक फिक्की फ्लो सदस्याएं एवं विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट महिलाएँ उपस्थित रहीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित