नयी दिल्ली , मई 23 -- देश के ज्यादातर हिस्सों में कहर बरपा रही भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों से लोग परेशान हैं जबकि राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट लेने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने से लोगों को थोड़ी राहत मिली है।
इस बार गर्मी ने शुरू से ही अपने तेवर दिखलाने शुरू कर दिये थे। दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) समेत देश के विभिन्न स्थानों में कुछ दिनों से तापमान 40 डिग्री से सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है और आने वाले दिनों में इसके उत्तरोत्तर बढ़ते हुए 45-46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं।
मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने, सिर ढंक कर चलने तथा लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। किसानों को भी तेज हवाओं और गरज-चमक के दौरान सतर्क रहने को कहा गया है।
उत्तर प्रदेश के अधिसंख्य इलाकों में गर्मी का आलम यह है कि सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक सड़कों पर आमतौर पर सन्नाटा देखा जा रहा है। इस अवधि में सड़कों पर यातायात सामान्य से काफी कम नजर आ रहा है। सड़क के किनारे बेल का शर्बत,आम का पना, गन्ने का रस, लस्सी,नींबू पानी और कोल्ड ड्रिंक्स बेचने वालों की पौ बारह रही। बहुत से इलाकों में लू का असर रात को भी दिखने लगा है और गर्म हवायें रात को भी सता रही है।
मौसम के तल्ख मिजाज के बीच राज्य में बिजली की मांग पीक आवर्स में 30 हजार मेगावाट से अधिक पहुंचने लगी है। बिजली विभाग मांग और आपूर्ति में तालमेल बैठाने की पुरजोर कोशिश कर रहा है मगर जर्जर ट्रांसफार्मरों और केबिलों के दगा देने से कई इलाकों में बिजली की आवाजाही लगातार बनी हुयी है। बिजली की किल्लत से परेशान कुछ स्थानों पर विद्युत उपकेंद्रों पर उपभोक्ताओं और कर्मचारियों के बीच नोकझोंक आम होती जा रही है।
गर्मी और लू के चलते बीमारियों ने भी पांव पसारना शुरु कर दिया है, नतीजतन अस्पतालों और नर्सिंग होम्स में मरीजों की संख्या में उल्लेखनीय इजाफा हुआ है।
छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का कहर जारी है और प्रदेश में लगातार कई दिनों से लू का असर है। दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी लोगों को बेहाल कर रहा है। प्रदूषण एवं मौसम विश्लेषण मंच एक्यूआई.इन के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे राजधानी रायपुर का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसके साथ यह दुनिया के सबसे गर्म शहरों की सूची में 19वें स्थान पर पहुंच गया।
छत्तीसगढ में बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र में भीषण गर्मी के बीच एक बुजुर्ग का शव मिलने से सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार लगभग 75 वर्षीय व्यक्ति का शव बाजार क्षेत्र में एक जूता दुकान के बाहर मिला। ग्रामीणों ने बताया कि वह पिछले दो माह से जोंधरा क्षेत्र में रहकर भिक्षावृत्ति के जरिए जीवन यापन कर रहा था तथा पिछले दो दिनों से बीमार चल रहा था। भीषण गर्मी और लू के बीच वह बाजार के पास ही पड़ा रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मस्तूरी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर लू से मौत की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी और लू का प्रभाव जारी रह सकता है। इस दौरान दिन और रात के तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।
महाराष्ट्र में मानसून का मौसम शुरू होने के बावजूद नासिक जिले के कई हिस्सों में भीषण गर्मी के कारण पानी की भारी कमी बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ हफ्तों में यह संकट और भी बढ़ गया है क्योंकि पानी के पारंपरिक स्रोत सूख गए हैं। सूखे से सबसे ज्यादा प्रभावित लोगों में महिलाएं शामिल हैं, जिन्हें अपने परिवारों के लिए पानी इकट्ठा करने के लिए रोजाना मीलों की यात्रा करनी पड़ती है और लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ता है। स्थानीय निवासियों ने बिगड़ते संकट के लिए कम वर्षा, घटते भूजल स्तर और अपर्याप्त जल अवसंरचना को जिम्मेदार ठहराया।
तेलंगाना में राज्य सरकार ने बढ़ती लू और सात जिलों से लू लगने से 16 लोगों की मौत की रिपोर्टों के बीच शनिवार को पूरे राज्य में अलर्ट जारी कर दिया है। तापमान असामान्य स्तर तक पहुंच गया है और भीषण 'अल नीनो' प्रभाव ने पूरे राज्य में लू की स्थिति को और भी बदतर बना दिया है। मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि लू लगने से जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाए और मुआवजे का शीघ्र वितरण सुनिश्चित किया जाए। मीडिया, सोशल मीडिया और गांव-स्तर पर की जाने वाली घोषणाओं के माध्यम से जन जागरूकता अभियानों को तेज करें। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि वे बस स्टैंड, बाजारों, मुख्य सड़कों, जहां मजदूर अधिक काम करते हैं ऐसी जगहों और अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर ठंडा पीने का पानी, छाछ और ओआरएस के पैकेट की उपलब्धता सुनिश्चित करें।
मौसम विज्ञान विभाग की ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार, करीमनगर, पेद्दापल्ली, जयशंकर भूपालपल्ली, मुलुगु, खम्मम, नलगोंडा, सूर्यपेट, महबूबनगर, हैदराबाद और रंगा रेड्डी ज़िलों में 26 मई तक भीषण लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित