अमरोहा , मई 17 -- उत्तर प्रदेश के अमरोहा में पुलिस ने लूट की घटना में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया ने रविवार को बताया कि गत नौ मई को थाना अमरोहा देहात क्षेत्र के अंतर्गत एक गैस एजेंसी के पास लूट की वारदात सामने आई थी, जहां दो बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला से उसके कुण्डल छीन लिए थे। इस घटना के बाद पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान सुनिश्चित की थी।
उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा सजगता से की गई इस कार्रवाई के दौरान दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी पहचान पप्पू उर्फ फौजी और अमन उर्फ शहजाद उर्फ शहजादा के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पप्पू उर्फ फौजी मूल रूप से रामपुर का रहने वाला है जो वर्तमान में मुरादाबाद के थाना कटघर क्षेत्र में रह रहा है, जबकि दूसरा अभियुक्त अमन उर्फ शहजाद मेरठ के किठौर का निवासी है जो वर्तमान में बहसूमा क्षेत्र में रहता है। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से महिला से लूटे गए पीले धातु के दोनों कुण्डल शत-प्रतिशत बरामद कर लिए गए हैं, साथ ही उनके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, दो तमंचे और जिंदा कारतूस भी मिले हैं। अपर पुलिस अधीक्षक ने अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जानकारी देते हुए बताया कि ये दोनों ही शातिर किस्म के अपराधी हैं, जिनमें से अमन का पहले से ही अच्छा-खासा आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उन्होंने बताया कि ये बदमाश अपने साथ कुछ नग (रत्न) आदि रखते हैं और पहले लोगों को झांसे में लेने का प्रयास करते हैं, यदि कोई इनके झांसे में आ जाता है तो उसके साथ ठगी की वारदात को अंजाम देते हैं और यदि कोई इनके बहकावे में नहीं आता है तो उसके साथ छिनैती की घटना कर डालते हैं। इसी प्रकार की घटना को इन्होंने अमरोहा में भी अंजाम दिया था, जिसमें पुलिस टीम ने पूरी मुस्तैदी से काम करते हुए शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित की है। इस सराहनीय कार्य के लिए सफलता हासिल करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की बात भी कही गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित