आगरमालवा , अक्टूबर 04 -- मध्यप्रदेश के आगरमालवा जिले में नलखेड़ा पुलिस ने वर्ष 2025 में हुई लूट के मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 14 किलो 125 ग्राम चांदी तथा दो बोलेरो वाहन जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार 23 मई 2025 की रात करीब 09 बजे नलखेड़ा निवासी पारस सोनी अपनी ज्वेलरी की दुकान बंद कर कर्मचारी दुर्गेश मीणा के साथ स्कूटी से घर जा रहे थे। उनके पास चांदी और सोने के जेवरात तथा नकदी थी। मोदी तिराहा-बडलावदा रोड स्थित जसवाल कॉलोनी के पास पीछे से आई सफेद रंग की बिना नंबर की बोलेरो में सवार लोगों ने उनके साथ मारपीट कर जेवरात एवं अन्य सामान लूट लिया था। घटना के बाद नलखेड़ा पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस ने संभावित स्थानों पर दबिश, संदिग्धों से पूछताछ, तकनीकी विश्लेषण और सूचना तंत्र के आधार पर साक्ष्य जुटाते हुए 10 जून 2025 को प्रेमचन्द्र पिता महाराम कंजर (20), विक्रम पिता चैसरिया कंजर (30), दोनों निवासी ग्राम जरैल, थाना सदर झालरापाटन, राजस्थान, सन्नी पिता मुकनिया कंजर (35), निवासी ग्राम रलायती, हाल मुकाम जरैल, थाना सदर झालरापाटन, राजस्थान और पुरीलाल पिता भेरूलाल तंवर (42), निवासी महुवाखेड़ा, थाना भालता, जिला झालावाड़, राजस्थान को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से चार किलो 40 ग्राम चांदी जब्त की गई थी।
इसके बाद 02 अगस्त 2025 को रतनलाल पिता पुरीलाल तंवर (55), निवासी नीचा का खेड़ा, थाना भालता, जिला झालावाड़, राजस्थान को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चार किलो 100 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए। 16 सितंबर 2026 को सुराराम पिता मंगलाराम बावरी (31), निवासी सेंसड़ा, थाना पाडुकला, जिला नागौर, राजस्थान तथा 21 सितंबर 2026 को सत्यनारायण उर्फ नैताराम पिता झवरीलाल बावरी (48), निवासी सैंसड़ा, थाना पादुकलां, जिला नागौर, राजस्थान को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की बोलेरो जब्त की गई।
पुलिस विवेचना और साक्ष्य संकलन के दौरान सामने आया कि लूटी गई चांदी को खरीदकर गलाकर चांदी की सिल्लियों में परिवर्तित किया गया था। इस कड़ी में 27 सितंबर 2026 को रामेश्वरलाल उर्फ रमेश पिता रतनलाल सोनी (49), निवासी जाटावास, थाना पादुकलां, जिला नागौर, राजस्थान को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से लूट की 5 किलो 985 ग्राम चांदी को गलाकर बनाई गई चांदी की सिल्लियां जब्त की गईं।
पुलिस के अनुसार मामले में शेष आरोपियों और मशरुका की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। कार्रवाई में नलखेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक शशि उपाध्याय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक दीपक विश्वकर्मा, प्रधान आरक्षक बालकृष्ण त्रिकार तथा आरक्षक संजय दांगी, रामप्रसाद दांगी और मेहरबान दांगी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित