बैतूल , सितंबर 24 -- मध्यप्रदेश में बैतूल के कोतवाली थाना क्षेत्र में मोबाइल और पर्स लूट के मामले में फरार चल रहे आरोपी शिव उर्फ शिवा बानखेड़े (25) को शुक्रवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से लूटा हुआ मोबाइल और 700 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। आरोपी पर पुलिस अधीक्षक द्वारा इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस के अनुसार रायसेन जिले के वाड़ी क्षेत्र निवासी पूरनचंद मांझी ने 14 सितंबर को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 13 सितंबर की रात करीब नौ बजे वह मोटरसाइकिल से रानीपुर से गौठाना, बैतूल आ रहे थे। चिखलार गांव के आगे भीलवाटेक के पास मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों ने उन्हें रोक लिया और मोबाइल तथा पर्स लूट लिया। पर्स में छह हजार रुपये रखे थे।

रिपोर्ट पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित आरोपी राजा उर्फ निहाल को 15 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। मामले में शिव उर्फ शिवा बानखेड़े और अमन उईके फरार थे। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने इनाम घोषित किया था।

पुलिस को 24 सितंबर को सूचना मिली कि शिव उर्फ शिवा खंजनपुर क्षेत्र के लोहा पुल के पास घूम रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने घटना में संलिप्तता स्वीकार की। उसके कब्जे से लूटा गया नीले रंग का वीवो मोबाइल, जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपये है, तथा 700 रुपये नकद बरामद किए गए। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देश, एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक देवकरण डेहरिया सहित पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित