भतरपुर , जुलाई 10 -- राजस्थान में भरतपुर में चार जुलाई की रात दो अलग-अलग क्षेत्रों में एक घण्टे के अंतराल में व्यापारियों से लूट और गोली मारने के मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण उर्फ बॉबी (35) और बलराम उर्फ बल्लू ( 21) के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों ने बताया गुरुवार रात आरोपियों को भरतपुर लाते समय जब पुलिस अमला चिकसाना थाना क्षेत्र में लघुशंका के लिए रुका तो दोनों आरोपियों ने भागने की कोशिश में एक पुलिसकर्मी की पिस्तौल छीनकर पुलिसकर्मियों पर दो गोली चला दी। एक गोली चिकसाना थानाधिकारी बृजेश कुमार मीणा के बूलेट प्रूफ जैकेट पर लगने से उनकी जान बच गयी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, वहीं गिरने से दूसरे का भी पैर टूट गया। फिलहाल दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने वारदात में काम ली गयी मोटर साइकिल जब्त कर ली है। इन वारदातों में शामिल एक अन्य आरोपी महेश (28) को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। इस बदमाश ने भी बचकर भागने के लिए पुलिस पर गोलीबारी की थी। जवाब में एक गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद पुलिस ने महेश को दबोच लिया।
उल्लेखनीय है कि किराना और बर्तन व्यापारी को लूटने के इरादे से की गयी इन वारदातों में पुष्प वाटिका कॉलोनी में किराना व्यापारी प्रमोद मित्तल को बदमाशों ने गोली मारकर उनसे 60 हजार रुपयों से भरा बैग लूट लिया था। दूसरी घटना में अखड्ड तिराहे पर बर्तन व्यापारी चंद्रभान को गोली मारकर पांच लाख रुपयों से भरा बैग लूटने की कोशिश की गयी। जब चंद्रभान ने बदमाशों को बैग नहीं दिया तो, बदमाशों ने चंद्रभान को गोली मार दी। इससे चंद्रभान की उपचार के दौरान जयपुर एसएमएस अस्पताल में मौत हो गयी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित