धार , अप्रैल 22 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के धामनोद क्षेत्र में हुई लूट की घटना का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार धामनोद थाना क्षेत्र में बगवानिया और मुहाड़ रोड के बीच कल रात ग्राम उमरिया निवासी गोपाल बारिया (23) से तीन बदमाशों ने चाकू से हमला कर नगदी और बाइक लूट ली थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने रात्रि गश्त टीम के साथ आसपास करीब 10 किलोमीटर क्षेत्र में सर्चिंग शुरू की।

थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे के नेतृत्व में पुलिस ने लूटी गई बाइक के नंबर के आधार पर तलाश तेज की। मुखबिर से मिली सूचना पर गणेश, विजय और बेबु नामक आरोपियों को पांच घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5300 रुपये नगद, लूटी गई बाइक सहित घटना में प्रयुक्त एक अन्य दोपहिया वाहन बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने शौक पूरा करने के लिए वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित